बुलंदशहर: बेटी की शादी पर अब राशन कार्ड से यूनिट कटवाने की जरूरत नहीं
बुलंदशहर। अब बेटी की शादी होने पर उसके मायके के राशन कार्ड से यूनिट कटवाने की आवश्यकता नहीं होगी। उसकी यूनिट स्वतः ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से ससुराल के राशन कार्ड में ट्रांसफर की जा सकेगी। इसके लिए ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि अब तक विवाह के बाद बेटी की यूनिट ट्रांसफर का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं था। ऐसे में परिजन या राशन डीलर के कहने पर बेटी का नाम राशन कार्ड से काट दिया जाता था और ससुराल के राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए पूरी प्रक्रिया नए सिरे से करनी पड़ती थी।
उन्होंने बताया कि शासन ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत आच्छादित युवतियों/बेटियों के विवाह के बाद नाम कटने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका समाधान किया है। अब विभागीय वेबसाइट के पब्लिक डोमेन में यूनिट ट्रांसफर का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है।
इसके माध्यम से जिले के सभी राशन कार्डधारक अपनी बेटी के विवाह के बाद उसकी यूनिट को ससुराल के राशन कार्ड में ऑनलाइन ट्रांसफर करा सकते हैं। इसके अलावा विवाहिता की यूनिट ट्रांसफर के लिए ऑफलाइन आवेदन पत्र जिला पूर्ति कार्यालय तथा सभी तहसीलों में स्थित आपूर्ति कार्यालयों में भी जमा किया जा सकता है।

