बालाघाट मध्यप्रदेश से रूपेश रावते
*बालाघाटकलेक्टर ने किया सालेटेका, रजेगांव एवं बोलेगांव के धान खरीदी केंद्रो का निरीक्षण
कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने 19 दिसम्बर को किरनापुर तहसील के अंतर्गत सालेटेका, रजेगांव एवं लांजी तहसील के अंतर्गत ग्राम बोलेगांव के धान खरीदी केंद्रो का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान उन्होंने धान लेकर आए किसानों से भी चर्चा की।
धान खरीदी केंद्रो के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने केंद्र में धान की बिक्री के लिए पंजीयन कराने वाले किसानों, स्लॉट बुक कराने वाले किसानों एवं धान विक्रय कर चुके किसानों की जानकारी ली। उन्होंने खरीदी केंद्रो में बारदाने की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी एवं तौल के संबंध में केंद्र प्रभारी से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने तीनों केंद्रो पर तौल कर रखी गई बोरियों में से कुछ बोरियों का चुनाव कर अपने सामने फिर से तौल करायी और देखा कि धान की सही मात्रा में तौल की जा रही है या नहीं। तीनों केंद्रो में जांच के दौरान बोरियों में निर्धारित मात्रा में ही धान पाया गया।
कलेक्टर श्री मीना ने केंद्र प्रभारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर को सख्त निर्देश दिये कि धान की खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी न होने दे अन्यथा उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस दिन धान की खरीदी की गई है उसकी उसी दिन ऑनलाइन एंट्री हो जाना चाहिए। यदि दूसरे दिन एंट्री किया जाना पाया जाता है तो दोषी व्यक्ति के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बोलेगांव धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक श्री रमेश भटेरे भी उपस्थित थे। धान केंद्रो के निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री एमआर कोल, श्री कमल सिंहसार एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी भी उपस्थित थे।

