संवाददाता – मंडल ब्यूरो चीफ
राजीव कुमार सिंह सिकरवार
आगरा, उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी, जनपद न्यायाधीश व अपर पुलिस आयुक्त ने जिला एवं केन्द्रीय कारागार का किया स्थलीय निरीक्षण
आगरा, 19 दिसंबर 2025।
जिलाधिकारी श्री अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, जनपद न्यायाधीश श्री संजय कुमार मलिक एवं अपर पुलिस आयुक्त श्री राम बदन सिंह द्वारा आज जिला कारागार एवं केन्द्रीय कारागार का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से संवाद कर भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सीय सुविधाएं, प्रतिदिन की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधिक सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बंदियों द्वारा अवगत कराया गया कि कारागार में उन्हें समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अधिकारियों ने कारागार परिसर स्थित चिकित्सालय का निरीक्षण कर भर्ती बंदी मरीजों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं तथा उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात मेडिसिन स्टॉक रूम का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता एवं स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई।
सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बंदियों को गर्म कपड़े वितरित किए गए। साथ ही पाकशाला का निरीक्षण कर मौके पर तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया गया।
जनपद न्यायाधीश महोदय ने केन्द्रीय कारागार में निरुद्ध बंदियों की कुल संख्या एवं कारागार की क्षमता के संबंध में जानकारी प्राप्त की, जिस पर बताया गया कि क्षमता वृद्धि हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जा चुका है।
इस अवसर पर अपर जिला न्यायाधीश श्री दिव्यानंद दुबे, केन्द्रीय कारागार अधीक्षक श्री ओ.पी. कटियार, डिप्टी जेलर श्री विशाल मद्धेशिया, श्री शिवम कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

