हंसराज वर्मा | अब तक न्याय
प्रधानाध्यापिका व खंड शिक्षा अधिकारी पर डीएम की सख्त कार्रवाई
निरीक्षण में मिली कमियों पर प्रतिकूल प्रविष्टि, गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
सीतापुर।
जिले में शैक्षिक संस्थानों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार दोपहर उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा शैक्षिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने और प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय शैक्षिक भवन, ग्राम केसरा (विकास खंड मछरेहटा) तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ब्रम्हावली (विकास खंड गोंदलामऊ) में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक एवं छात्रावास निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद कर उनके रहन-सहन, शिक्षा एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा शिक्षक शिक्षण कार्य में पूरी रुचि लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय ब्रम्हावली (कंपोजिट), ग्राम पंचायत करूवामऊ, विकास खंड गोंदलामऊ का औचक निरीक्षण किया। यहां निपुण तालिका रजिस्टर में कमियां पाए जाने पर प्रधानाध्यापिका अनुराधा को कड़ी फटकार लगाई गई। बच्चों की कम उपस्थिति पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए उपस्थिति में सुधार के निर्देश दिए गए।
विद्यालय में साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं की कमी पाए जाने पर खंड शिक्षा अधिकारी सिमी निगार से स्पष्टीकरण मांगा गया तथा प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा तीन के एक छात्र से पुस्तक पढ़वाकर उसकी शैक्षिक क्षमता की जांच की। छात्र के संतोषजनक प्रदर्शन पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे

