जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद के अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई
256 पैकेट यूरिया सीज, लाइसेंस निरस्तीकरण व एफआईआर के आदेश
संवाददाता: राजीव कुमार सिंह सिकरवार
मंडल ब्यूरो चीफ, आगरा (उ.प्र.)
आगरा, 19 दिसंबर 2025।
शासन एवं जिलाधिकारी आगरा श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देशों के क्रम में यूरिया की कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी फतेहाबाद सुश्री स्वाति शर्मा के नेतृत्व में तहसीलदार फतेहाबाद की अगुवाई में कृषि विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित कर औचक निरीक्षण किया गया।
दूरभाष पर प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 19.12.2025 को तहसील फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत बाह रोड, फतेहाबाद देहात स्थित एक पूर्व संचालित ढाबे के खंडहर में छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान वहां लगभग 256 पैकेट यूरिया अवैध रूप से भंडारित पाया गया।
भंडारणकर्ता ने स्वयं को मै. राधे-राधे खाद बीज भंडार, फतेहाबाद का स्वामी बताते हुए यूरिया को साई ट्रेडर्स, शमसाबाद से क्रय किया जाना बताया, किंतु जांच में प्रस्तुत की गई भंडारण सूचना एवं कागजात पूर्णतः असत्य पाए गए।
अवैध रूप से बरामद यूरिया को राजकीय कृषि बीज भंडार, फतेहाबाद में सुरक्षित रखवाकर सीज कर दिया गया है। साथ ही संबंधित दुकान के लाइसेंस निरस्तीकरण तथा भंडारणकर्ता के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने की कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं, जिनकी प्रक्रिया पृथक से की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

