कानपुर। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध कानपुर में तेज़ हो गया। दिल्ली की स्थानीय अदालत द्वारा ईडी के आरोप पत्र को लेने से इनकार किए जाने के बाद कांग्रेस ने इसे केंद्र सरकार की राजनीतिक साजिश करार दिया है।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नगर–ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। कोतवाली पुलिस सभी को पुलिस लाइन ले गई, जहां कुछ देर के लिए हिरासत में रखा गया।
इस दौरान थाना परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाज़ी की और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विपक्षी दलों को दबाने के लिए सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
कांग्रेस नगर–ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि सरकार ईडी, सीबीआई और पुलिस के माध्यम से विपक्ष की आवाज़ दबाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है और सड़कों पर उतरकर इस कथित दमनकारी नीति के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

