रिपोर्ट: दीप सिंह
डीजल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी, अज्ञात चोरों ने ट्रक चालक को मारी गोली
कन्नौज।
उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज में चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस का भय कम नजर आ रहा है। नेशनल हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से डीजल चोरी का विरोध करना ट्रक चालक को भारी पड़ गया। अज्ञात चोरों ने चालक पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना थाना छिबरामऊ क्षेत्र की सिकंदरपुर चौकी अंतर्गत नेशनल हाईवे पर पावर हाउस के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ट्रक चालक ने सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर विश्राम किया था। इसी दौरान अज्ञात चोर ट्रक की टंकी से डीजल चोरी कर रहे थे। आहट होने पर चालक की नींद खुल गई और उसने चोरों का विरोध किया।
विरोध करने पर बदमाशों ने चालक पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

