जिला जज, डीएम व एसपी ने जिला कारागार बांदा का किया संयुक्त निरीक्षण
गिरजा शंकर अवस्थी / अब तक न्याय
बांदा।
जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष अल्पना द्वारा बुधवार को अपराह्न 3:30 बजे जिला कारागार बांदा का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी जे. रीभा, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीपाल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी विजेन्द्र सिंह तथा लोक निर्माण विभाग के मनोज कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों, कारागार अस्पताल एवं पाकशाला का गहन निरीक्षण किया। बैरकों में निरुद्ध बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई, जिसमें तीन बंदियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए गए। साथ ही एक बंदी की उच्च न्यायालय में जेल अपील दाखिल कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
पाकशाला में भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार पाया गया। जिला जज ने वाटर ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण करते हुए मच्छरों से बचाव हेतु बैरकों एवं खुले स्थानों पर मच्छर जाली लगाए जाने के निर्देश जेल अधीक्षक अनिल कुमार गौतम को दिए।
जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। साथ ही शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी बंदियों को गर्म कपड़े एवं कंबल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारों हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

