प्रीतपाल बेलचंदन बने अध्यक्ष, नरेश यदु उपाध्यक्ष
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग में पदभार ग्रहण, किसानों में उत्साह
रामेंद्र कुमार सोनवानी
ब्यूरो चीफ / प्रेस रिपोर्टर
बालोद जिला, छत्तीसगढ़
अर्जुन्दा (बालोद) — काफी कयासों के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष की घोषणा के साथ ही अटकलों का दौर समाप्त हो गया। नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन एवं उपाध्यक्ष नरेश यदु ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर बैंक परिसर में बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ नवनियुक्त अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। बालोद, दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में दोनों पदाधिकारियों ने दायित्व संभाला।
कार्यक्रम में राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री रामशिला साहू, जागेश्वर साहू, मंत्री यज्ञदत्त शर्मा, प्रदेश मंत्री भाजपा जितेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक एवं जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, सभापति श्याम शर्मा, छत्तीसगढ़ आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक शिव चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर सहित सत्ता पक्ष एवं संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर नवनियुक्त उपाध्यक्ष नरेश यदु ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, संगठन महामंत्री पवन साय, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप सहित संगठन के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने किसानों के बीच रहकर उन्हें सशक्त बनाने तथा सबका साथ, सबका विकास की भावना से कार्य करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान उन्होंने अपने दिवंगत नेता हेमचंद यादव को याद करते हुए ईमानदारी, सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलने की बात कही और भावुक हो उठे।
वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसानों के अच्छे दिन आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में बेहतर कार्यों के लिए ठाकुर प्यारे अवार्ड से सम्मानित होना सामूहिक कार्यक्षमता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में सहकारिता को नुकसान पहुंचाया गया, जिसे अब मिलकर सुधारते हुए दुर्ग सहकारिता को न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में बालोद, दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के प्राधिकृत अध्यक्ष, प्रबंधक तथा भाजपा के हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

