रिपोर्ट: दीप सिंह
कन्नौज में थम नहीं रहा मौतों का सिलसिला
25 वर्षीय युवक की ईंट से कूटकर हत्या, शव मिलने से मचा हड़कंप
कन्नौज। जनपद में लगातार हो रही हत्याओं की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। ताजा मामला सौरिख थाना क्षेत्र का है, जहां काकरकुई गांव निवासी 25 वर्षीय युवक की ईंट से कूटकर निर्मम हत्या कर दी गई। युवक का शव मधुपुरी गांव में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान श्याम सुंदर बाथम के रूप में हुई है। वह लेंटर डालने वाली मशीन पर मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार श्याम सुंदर रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद सुबह मधुपुरी गांव में उसका शव पड़े होने की सूचना मिली।
शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल के पास एक ईंट भी पड़ी मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इसी से युवक की हत्या की गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता शिवपाल की तहरीर पर सौरिख थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की ईंट से पीटकर हत्या किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

