कन्नौज। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के निगोह खास रोड पर नाले में मिली जली लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम विवाद में महिला की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाया गया था। पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।17 दिसंबर की सुबह निगोह खास रोड किनारे नाले में जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त मुस्कान उर्फ जन्नत (35) निवासी कुली बाजार, थाना अनवरगंज, कानपुर के रूप में की। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका अपने पति से अलग रहती थी और उसके एहतेसाम व असलान से अवैध संबंध थे।पुलिस ने बताया 16 दिसंबर की शाम शुक्लागंज, उन्नाव स्थित असलान के घर पर विवाद के बाद दोनों ने मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को क्रेटा कार से छिबरामऊ लाकर पेट्रोल डालकर जला दिया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम ने शुक्रवार देर शाम कैदा रोड स्थित लछ्छी नगला के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोका। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एहतेसाम के पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से असलान को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सन्नी फरार हो गया।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस और एक आई-10 कार बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
