बालाघाट मध्यप्रदेश से रूपेश रावते
लामता महाविद्यालय में स्टार्टअप दिवस का आयोजन
लामता — शासकीय महाविद्यालय लामता में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में, प्राचार्य सुंदरलाल बिसेन की अध्यक्षता में 16 जनवरी को स्टार्टअप दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री बिसेन ने उद्यमिता एवं स्वरोजगार पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बना जा सकता है, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से कम लागत में अधिक आय अर्जित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे ने मंच संचालन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ भविष्य की रोजगार संभावनाओं पर भी ध्यान देना चाहिए, जिससे वे नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बन सकें।
इस अवसर पर श्रीमती वंदना उरकुडे ने कहा कि स्टार्टअप योजनाओं की शुरुआत के साथ-साथ उन्हें निरंतर आगे बढ़ाने की सोच भी आवश्यक है। वहीं डॉ. अनिल चौरे ने छोटे-छोटे रोजगारों को देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का आधार बताया। सुरेंद्र राजपूत ने आत्मनिर्भरता और रोजगार को देश की आर्थिक मजबूती की पहचान बताया।
कार्यक्रम में प्रवेश यादव ने दोना-पत्तल निर्माण जैसे पारंपरिक रोजगारों के माध्यम से आय अर्जन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में श्रीमती तुलसी झारिया, महेश बरया, डॉ. भैरो प्रसाद अहिरवार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

