खनन माफिया बेखौफ, प्रशासन बेखबर? सेमरा पहाड़ पर खुलेआम लूट, नाम आए सामने
बारा प्रयागराज। यमुनानगर क्षेत्र के बारा थाना अंतर्गत इन दिनों अवैध खनन अपने चरम पर पहुंच चुका है। हालात ऐसे हैं मानो पहाड़ों पर कानून नहीं, बल्कि खनन माफियाओं का राज चल रहा हो। सवाल यह है कि इतने बड़े पैमाने पर हो रहे खनन का सरगना कौन है, और इन्हें संरक्षण कौन दे रहा है? सूत्रों की मानें तो खान सेमरा क्षेत्र के पहाड़ों पर लंबे समय से अवैध खनन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि खनन विभाग, पुलिस, राजस्व विभाग और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद यह गोरखधंधा बिना किसी रोक-टोक के जारी है। आखिर क्यों अब तक इस बड़े अवैध खनन का भंडाफोड़ नहीं हो सका, यह अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस अवैध खनन से जुड़े कुछ नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि बाबा उर्फ जावेद खान का नाम इस पूरे खेल में चर्चा में है। मौके पर उनके ट्रैक्टरों की मौजूदगी और सामने आए फोटो व वीडियो इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि खनन खुलेआम किया जा रहा है। तस्वीरें और वीडियो मानो चीख-चीख कर सच्चाई बयां कर रहे हों। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इन तथ्यों के सामने आने के बाद कार्रवाई करेगा? या फिर सब कुछ जानकर भी अनजान बना रहेगा? क्षेत्रीय लोगों में इस अवैध खनन को लेकर भारी रोष है।पहाड़ों के कटान से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है, लेकिन मुनाफे के लालच में माफिया भविष्य को अंधेरे में धकेल रहे हैं। अब निगाहें प्रशासन की ओर टिकी हैं। क्या सेमरा पहाड़ पर चल रहे इस अवैध खनन के खेल का पर्दाफाश होगा? या फिर यह मामला भी फाइलों में दफन कर दिया जाएगा? अगली खबर में होगा बड़ा खुलासा… कहानी अभी बाकी है।
