मनरेगा के नाम पर भ्रम, योगी मॉडल पर भरोसा : अखिलेश दुबे चेतन
शंकरगढ़,प्रयागराज। लोहगरा की धरती से रविवार को सियासत की वह आवाज़ उठी, जिसमें राष्ट्र,समाज और सुशासन—तीनों का स्पष्ट संदेश था। प्रधान कोठी पर आयोजित पत्रकार वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं वर्तमान ग्राम प्रधान वीरेंद्र दुबे ने कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सीधा और तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विदेश जाकर भारत सरकार की आलोचना करना राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि देश की साख पर चोट है। वीरेंद्र दुबे ने दो टूक कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार पवित्र है, लेकिन उसका दायरा भी है। अगर सरकार की नीतियों से असहमति है तो संसद है, देश की जनता है—विदेशी मंच भारत को बदनाम करने के लिए नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान देश विरोधी ताकतों को बल देते हैं, जिसे राष्ट्र कभी स्वीकार नहीं करेगा। वार्ता के दौरान उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार, हत्याओं और पलायन को लेकर गहरी पीड़ा जताई। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि भारत को इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सख्त रुख अपनाना चाहिए, ताकि निर्दोष हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। आर्थिक नीतियों पर बोलते हुए वीरेंद्र दुबे ने बीमा क्षेत्र में एफडीआई को ऐतिहासिक और जनहितकारी निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि इससे निवेश बढ़ेगा, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आम नागरिकों को बेहतर बीमा सुविधाएं मिलेंगी। इसी मंच से मनकामेश्वर मंडल भाजपा उपाध्यक्ष अखिलेश दुबे चेतन ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मनरेगा के नाम परिवर्तन को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करना विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, मजदूर और किसान के हित में फैसले ले रही है, लेकिन विपक्ष हर अच्छे निर्णय में भी राजनीति तलाश रहा है। अखिलेश दुबे चेतन ने विश्वास जताया कि पंचायत और विधानसभा चुनाव तय समय पर होंगे और जनता एक बार फिर भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर सेवा, सुरक्षा और विकास की राजनीति पर मुहर लगाएगी।उन्होंने कहा कि ‘योगी मॉडल’ आज कानून-व्यवस्था, सुशासन और विकास का पर्याय बन चुका है,जिसे अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी अपनाने को मजबूर हैं।विकास की तस्वीर खींचते हुए उन्होंने बताया कि सेन नगर चौराहे से कपारी तक सड़क चौड़ीकरण तथा प्रतापपुर यमुना ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा,जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। कार्यक्रम के समापन पर वीरेंद्र दुबे ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शंकरगढ़ की जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने देश, प्रदेश और क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना की।
