पीलीभीत से बड़ी खबर
पीलीभीत के शारदा नदी में मौनी अमावस्या के अवसर पर बड़ा हादसा हो गया। धनाराघाट पर स्नान के दौरान दो किशोर समेत तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से एक किशोर और एक युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया, जबकि रेस्क्यू अभियान कुछ समय तक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार, मौनी अमावस्या के अवसर पर धनाराघाट शारदा नदी के तट पर मेला आयोजित किया गया था। रविवार को चंदिया हजारा निवासी सौरभ पुत्र निताई और सुमित पुत्र सुशांत (उम्र लगभग 14–15 वर्ष) अपने परिजनों के साथ मेले में आए थे। स्नान के दौरान दोनों किशोर गहरे पानी में चले गए, संतुलन बिगड़ने से वे डूबने लगे।
किशोरों को डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अवधेश, शिवम विश्वास और अमित ने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान अमित और शिवम किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन अवधेश तेज बहाव में बहकर लापता हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद नदी से एक युवक और एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया। कुछ समय बाद दूसरे किशोर का शव भी खोज लिया गया।
शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। हादसे के बाद मेले में आए लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतनी भारी भीड़ के बावजूद नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
ब्यूरो रिपोर्ट — अबतक न्याय

