रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय महमूदाबाद (सीतापुर)।
संविलयित विद्यालय समनापुर में प्रधानाध्यापक के रूप में शकील अहमद के कार्यभार संभालने के बाद विद्यालय ने विकास की नई ऊंचाइयों को छू लिया है। कभी सामान्य पहचान रखने वाला यह विद्यालय आज अपने सुव्यवस्थित वातावरण, आकर्षक साज-सज्जा और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक माहौल के लिए क्षेत्र में मिसाल बन चुका है।
विद्यालय का प्रधानाचार्य कक्ष हो, कक्षा-कक्षों की सुसज्जा या फिर खेल का मैदान—हर व्यवस्था में अनुशासन, स्वच्छता और सौंदर्य का विशेष ध्यान रखा गया है। विद्यालय का वातावरण किसी कॉन्वेंट स्कूल की याद दिलाता है, जहां बच्चों को न सिर्फ पढ़ाई बल्कि संस्कार और अनुशासन की भी बेहतर शिक्षा मिल रही है।
प्रधानाध्यापक शकील अहमद के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय का समस्त स्टाफ पूरी निष्ठा और मेहनत से कार्य कर रहा है। विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक विजय सोनकर, ममता वर्मा, शबनम वर्मा, आशीष कुमार वर्मा, वंदना गुप्ता तथा प्रशिक्षु अध्यापक अजीत कुमार अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी और लगन के साथ निर्वहन कर रहे हैं। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का छात्रों के प्रति व्यवहार, शिक्षण शैली और समर्पण अत्यंत सराहनीय बताया जा रहा है।
प्रधानाध्यापक शकील अहमद केवल एक कुशल शिक्षक ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील समाजसेवी की भूमिका भी बखूबी निभा रहे हैं। यदि उन्हें कहीं से भी यह सूचना मिलती है कि कोई व्यक्ति या परिवार समस्या में है, तो वे बिना किसी संकोच के मदद के लिए आगे आते हैं। विद्यालय के विकास के लिए उन्होंने अनेक कार्य कराए हैं, जिनमें से कई ऐसे भी हैं जिनका भुगतान आज तक उन्हें नहीं मिल पाया, फिर भी उनके उत्साह और समर्पण में कोई कमी नहीं आई है।
स्थानीय अभिभावकों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि शकील अहमद के नेतृत्व में संविलयित विद्यालय समनापुर शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों का भी मजबूत केंद्र बनकर उभरा है। विद्यालय की यह विकास यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में इसके और भी बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।
