छिबरामऊ।विकासखंड क्षेत्र के ग्राम मिघौली में ग्राम समाज के तत्वावधान में गमा देवी मंदिर काली मठिया के पास आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। दूर-दराज गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।कथा के परीक्षित राकेश सविता एवं उनकी पत्नी रामवती सविता हैं, जिनके द्वारा धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। सरस एवं ओजस्वी कथा वाचक अवधेश कुमार शास्त्री ने श्रीमद् भागवत महापुराण के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्त प्रह्लाद एवं ध्रुव चरित्र का विस्तार से वर्णन किया। कथा के दौरान भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।यज्ञकर्ता अनुराग शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिविधान से यज्ञ एवं पूजन संपन्न कराया। कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि शैलेंद्र सिंह यादव, पूर्व जेल विजिटर जिला कारागार कन्नौज एवं पूर्व प्रदेश सचिव छात्र सभा समाजवादी पार्टी मोनू चौहान (निवासी टोडलपुर) ने कथा वाचक को पगड़ी, माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अनिल कुमार यादव, युवा लोहिया वाहिनी अध्यक्ष नगला दीप सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन आगामी दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
