छिबरामऊ। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका–मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष सुषमा देवी पाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह खुरपका–मुंहपका टीकाकरण अभियान का सातवां चरण है, जो आगामी 45 दिनों तक चलेगा।
अभियान के तहत कुल पांच टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर गोवंश एवं अन्य पशुओं का टीकाकरण करेंगी। टीकाकरण पूर्ण होने के उपरांत संबंधित ग्राम प्रधान से टीकाकरण पूर्ण होने का प्रमाण पत्र भी लिया जाएगा। विकासखंड छिबरामऊ अंतर्गत सभी पशुपालकों से अपील की गई है कि वे टीकाकरण कार्य में पूर्ण सहयोग करें और अपने पशुओं को अनिवार्य रूप से टीका लगवाएं।
उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नाम कुमार ने बताया कि खुरपका–मुंहपका एक वायरल बीमारी है, जिसका संक्रमण बहुत तेजी से फैलता है। इस बीमारी में पशुओं के मुंह में छाले, पैरों में घाव, बुखार तथा दुग्ध उत्पादन में भारी गिरावट देखी जाती है, जिससे पशु कमजोर हो जाते हैं। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष सुषमा देवी पाल मौजूद रहीं। इस अवसर पर समाजसेवी अमित पाल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नाम कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी बिशनगढ़ डॉ. रिजवान आलम, एमडीयू डॉ. श्याम पाल, वेटरनरी फार्मासिस्ट गौरव पांडे, पशुधन प्रसार अधिकारी नरेंद्र पाल, सलभ यादव, देवेंद्र सिंह, पशु मित्र अमित, आलोक, आदिल, अभिषेक, विवेक, अंबुज, समीर, गौरव, धनपाल, पवन, मनोज, सत्येंद्र, इरफान, सुनील, विपिन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
