नगर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद एवं जवाहर लाल नेहरू पॉलिटेक्निक महमूदाबाद के पूर्व प्रधानाचार्य श्री आर.जे. वर्मा के लंबी बीमारी के पश्चात दिनांक 18 फरवरी 2026 को हुए दुखद निधन की सूचना से पूरे नगर एवं शिक्षा जगत में गहरा शोक व्याप्त हो गया। उनके निधन को क्षेत्र की तकनीकी शिक्षा के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमैनिटीज साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी के भव्य प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे परिसर में शोक एवं श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
श्रद्धांजलि सभा में डॉ. अब्दुल वली, कार्यालय अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, डॉ. जनार्दन गुप्त, सर्वेश श्रीवास्तव, बृजेश कुमार, रीता देवी, दृष्टि जैन, लक्ष्मी गुप्ता, मनोज शुक्ल, प्रमोद तिवारी, विनोद यादव सहित महाविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
इस दुखद अवसर पर महाविद्यालय सचिव डॉ. अम्मार रिजवी, डॉ. सुलेमान रिजवी एवं मीसम अम्मार रिजवी ने शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि श्री आर.जे. वर्मा का निधन शिक्षा जगत के लिए अत्यंत क्षति का विषय है। उन्होंने अपने जीवनकाल में एक महान शिक्षक, कुशल प्रशासक एवं संघर्षशील व्यक्तित्व के रूप में शिक्षा क्षेत्र को नई दिशा प्रदान की। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं तकनीकी शिक्षा के उत्थान के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि महमूदाबाद क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा को नई पहचान दिलाने में श्री वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके कारण वे शिक्षा जगत में प्रेरणास्रोत एवं मिसाल के रूप में जाने जाते रहेंगे। उनके द्वारा किए गए शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे।
सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
