जनपद सीतापुर की तहसील महमूदाबाद अंतर्गत थाना सदरपुर क्षेत्र के ग्राम जमुनापुर मजरा भुसना में गुरुवार दोपहर एक भीषण आग लगने की घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 2 बजे अचानक टंकी पर लगे फूस में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और आसपास रखा सामान भी उसकी चपेट में आ गया।
आग की चपेट में आकर आनंद पुत्र प्रकाश एवं अजीत पुत्र ओमप्रकाश का सिंचाई कार्य में उपयोग होने वाला इंजन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गांव के दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, पाइप एवं उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत और एकजुट प्रयास से आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना कई बार फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन लगभग एक घंटे तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका। आग लगने के करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, तब तक ग्रामीण काफी हद तक आग पर काबू पा चुके थे।
दमकल विभाग की देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि आग रिहायशी क्षेत्र तक नहीं पहुंची, अन्यथा जनहानि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय रहते राहत मिल सके।
