पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के हितों को लेकर वर्ल्ड मीडिया ऑर्गनाइजेशन (पत्रकारों के बड़े समूह का ट्रस्ट) ने उत्तर प्रदेश की माननीय मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी लखनऊ के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बदलते शहरी परिदृश्य और पत्रकारों के समक्ष खड़ी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए तीन महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं।
संस्था ने अपने ज्ञापन में कहा है कि लखनऊ शहर का क्षेत्रफल निरंतर और अत्यंत तेजी से बढ़ रहा है। शहर के विस्तार के साथ ही ट्रांस गोमती क्षेत्र में प्रशासनिक, व्यावसायिक और सामाजिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं, लेकिन इसके अनुपात में पत्रकारों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में ट्रांस गोमती क्षेत्र में एक प्रेस क्लब का निर्माण कराया जाना समय की आवश्यकता बन चुका है। प्रेस क्लब के अभाव में पत्रकारों को न तो बैठने की समुचित व्यवस्था मिल पाती है और न ही संवाद, प्रेस वार्ता एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए कोई स्थायी स्थान उपलब्ध है।
ज्ञापन की दूसरी मांग में संस्था ने पत्रकारों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। संगठन का कहना है कि लघु, मध्यम एवं छोटे समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और डिजिटल पोर्टलों से जुड़े पत्रकार सीमित संसाधनों में कार्य करते हैं, जिनके पास बीमा जैसी सुविधाएं प्रायः नहीं होतीं। इसलिए सभी पत्रकारों का न्यूनतम प्रीमियम जमा कराकर बीमा कराया जाना अनिवार्य किया जाए। इसके लिए बीमा कंपनियों को सरकारी स्तर पर निर्देशित किया जाए, ताकि किसी दुर्घटना, बीमारी या अप्रिय घटना की स्थिति में पत्रकारों के आश्रितों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके और भविष्य में सरकार पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी न पड़े।
तीसरी और सबसे संवेदनशील मांग में संस्था ने पत्रकारों के खिलाफ दर्ज होने वाले मुकदमों का मुद्दा उठाया है। ज्ञापन में कहा गया है कि किसी भी पत्रकार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने से पूर्व संबंधित मामले की जांच किसी राजपत्रित अधिकारी से कराई जानी चाहिए। जांच में यदि पत्रकार दोषी पाया जाता है, तभी मुकदमा दर्ज किया जाए। संस्था ने स्पष्ट किया कि यह वही प्रक्रिया है, जैसी सुविधा वर्तमान में लोकसेवकों को प्राप्त है। इससे पत्रकारों को झूठे या दुर्भावनापूर्ण मुकदमों से राहत मिलेगी और वे निडर होकर अपना कर्तव्य निभा सकेंगे।
संस्था ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से अपील की है कि इन सभी मांगों और सुझावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पत्रकार निर्भीक होकर समाज और जनता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर सकें और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को प्रभावी ढंग से निभा सकें।
यह ज्ञापन वर्ल्ड मीडिया ऑर्गनाइजेशन के चेयरमैन ओम प्रकाश मिश्र द्वारा हस्ताक्षरित है।
