मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऑनलाइन जुड़े रहें, जनता दर्शन की करेंगे निगरानी
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने अपने कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित थानों को त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। पहले भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियमित रूप से जनता की शिकायतों का समाधान करते रहे हैं, लेकिन अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद जनता दर्शन की ऑनलाइन निगरानी की जा रही।
जनता दर्शन के दौरान भूमि विवाद, मारपीट, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। एसएसपी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का अवलोकन कर संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब जनता दर्शन की प्रक्रिया से ऑनलाइन जुड़े रहेंगे और उसकी निगरानी करेंगे। शासन स्तर से यह स्पष्ट किया गया है कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह होने की उम्मीद है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उन्हें कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि थाने स्तर पर ही अधिकतर मामलों का समाधान कर दिया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होने वाले जनता दर्शन में कोई भी नागरिक अपनी समस्या सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष रख सकता है। मुख्यमंत्री की ऑनलाइन निगरानी से इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
जनता दर्शन में आए कई फरियादियों ने बताया कि उच्च स्तर पर निगरानी से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
