पीलीभीत जिले के मझोला की धरती 26 फरवरी को एक स्वर्णिम पल की साक्षी बनने जा रही है। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद पूर्णागिरी एक्सप्रेस का मझोला में औपचारिक स्टॉपेज शुरू होने जा रहा है—यह सिर्फ एक ट्रेन का ठहराव नहीं, बल्कि विकास, सुविधा और संभावनाओं की नई शुरुआत है।
इस भव्य कार्यक्रम में माननीय सांसद एवं भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद अपने करकमलों से हरी झंडी दिखाकर इस ऐतिहासिक पहल की शुरुआत करेंगे। उनकी मौजूदगी इस कार्यक्रम की गरिमा को और ऊंचाई देगी।
पूर्णागिरी एक्सप्रेस के ठहराव से मझोला और आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। व्यापार और स्थानीय बाजार को नई ऊर्जा, छात्रों और मरीजों के लिए आसान आवागमन, क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार और निवेश और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।यह कदम मझोला को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
मझोला चेयरमैन निशांत प्रताप सिंह ने वीडियो संदेश जारी कर क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह “हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है, जिसे ऐतिहासिक बनाने की जिम्मेदारी भी हम सबकी है।”
मझोला अब विकास की नई दिशा में कदम बढ़ाने को तैयार है। 26 फरवरी को पूरा क्षेत्र इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनेगा।
