पीलीभीत में बाढ़ खंड के एसडीओ सचिन चौधरी पर अपने सरकारी वाहन के ड्राइवर जितेंद्र के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। घटना का ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अधिकारी ड्राइवर को अपशब्द कहते हुए स्पष्ट रूप से सुनाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ड्राइवर जितेंद्र अपनी बीमार मां की दवा लेने के लिए ड्यूटी से अनुपस्थित था। इसी कारण से एसडीओ सचिन चौधरी नाराज हुए और फोन पर ड्राइवर को डांटते हुए, अपशब्दों और गालियों का प्रयोग किया। ऑडियो में ड्राइवर बार-बार अपनी मजबूरी बताते हुए माफी मांगते रहे, लेकिन अधिकारी का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
घटना के बाद एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल कवरेज क्षेत्र से बाहर बताया गया। विभाग के अन्य कर्मचारी भी इस मामले पर खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं। बाढ़ खंड के कर्मचारियों में स्पष्ट नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि बीमार माता की देखभाल करना कोई अपराध नहीं है और अधिकारी का यह व्यवहार अनुचित और अपमानजनक है। इस मामले ने प्रशासनिक माहौल में हलचल पैदा कर दी है और सोशल मीडिया पर भी यह घटना तेजी से वायरल हो रही है।
