पीलीभीत जनपद में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत बीसलपुर के ग्राम मानपुर में आयोजित गन्ना कृषक मेले/गोष्ठी में सैकड़ों प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित कराना था, जिससे गन्ना उत्पादन में वृद्धि हो और क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि को नई दिशा मिले।
मुख्य गन्ना सलाहकार डॉ. आर. सी. पाठक (चीनी मिल संघ, लखनऊ) ने किसानों को स्वस्थ और रोगमुक्त बीज के उपयोग की सलाह दी, साथ ही कहा कि “गुणवत्तापूर्ण बीज ही उच्च उत्पादन की कुंजी है।” सहायक निदेशक डॉ. प्रवीण कुमार कपिल (गन्ना किसान संस्थान, शाहजहांपुर) ने पंक्ति-पंक्ति न्यूनतम 3 फीट दूरी बनाए रखने और संतुलित उर्वरक प्रबंधन की अहमियत पर जोर दिया।
प्रगतिशील किसान डॉ. हरमीत सिंह (ग्राम भसुड़ा) ने पेड़ी गन्ना से अधिकतम उत्पादन लेने की उन्नत तकनीकों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उचित पोषण और देखभाल से 4-5 पेड़ी तक सफलतापूर्वक गन्ना ली जा सकती है।
जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव ने देर से बुवाई या गेहूं कटाई के बाद गन्ना रोपण हेतु तैयार पौध अपनाने पर जोर दिया, जिससे बीज की बचत और बेहतर पैदावार सुनिश्चित होती है। वहीं, इफको एमसी के प्रतिनिधि प्रशांत चैधरी ने उर्वरक उत्पादों के उपयोग और लाभों पर किसानों को विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में राजेश कुमार (सचिव, बीसलपुर), मनोज साहू (ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक), राजकुमार जैन (प्रधान प्रबंधक, चीनी मिल बीसलपुर), अवधेश कुमार (मुख्य गन्ना अधिकारी) सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। गोष्ठी का समापन किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ, जिससे बीसलपुर क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को नई ऊँचाई देने की उम्मीद है।
