सिधौली (सीतापुर), उत्तर प्रदेश।
152 विधानसभा सिधौली, जनपद सीतापुर में जनसंपर्क अभियान के दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने प्रदेश सरकार पर डॉ. अंबेडकर पार्कों एवं प्रतिमाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा की गई घोषणाओं के बावजूद जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान और उनके विचारों की रक्षा करना प्रत्येक सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति चिंताजनक है। कई स्थानों पर डॉ. अंबेडकर पार्कों की देखरेख का अभाव है तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि यदि सरकार द्वारा शीघ्र ही प्रभावी कदम उठाकर डॉ. अंबेडकर पार्कों और प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो जनता आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि बहुजन समाज अपने सम्मान और अधिकारों के प्रति सजग है और किसी भी प्रकार की उपेक्षा को स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रदेश के सभी डॉ. अंबेडकर पार्कों की नियमित निगरानी, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा समुचित रखरखाव की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए।
अंत में उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
