बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा आगामी शैक्षिक सत्र 2026-27 में नामांकन बढ़ाने की रणनीति के तहत विद्यालयों में विशेष तैयारियाँ तेज़ कर दी गई हैं। इसी क्रम में विकासखंड महमूदाबाद के संविलयित उच्च प्राथमिक विद्यालय बम्भौरा में नवारंभ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष संदीप वर्मा के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में किया गया। इस अवसर पर बच्चों के प्रथम प्रवेश को उत्सव के रूप में मनाया गया, जिससे अभिभावकों एवं बच्चों में विद्यालय के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार हुआ।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, एसएमसी अध्यक्ष एवं सदस्यगण सहित विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा, सहायक अध्यापिकाएँ अर्चना वर्मा, शिवानी शुक्ला, किरण देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री पारुल सिंह एवं शिव कुमारी की सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।
इस दौरान नवप्रवेशी बच्चों—विभू, कार्तिक, रवि, सुमित, आकाश, आशू, निर्मल, पल्लवी, रजनीश, निशा, आयांश, अंशुल, खुशी आदि—का तिलक लगाकर, स्टेशनरी वितरित कर एवं चॉकलेट देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। साथ ही यह भी बताया गया कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित यह नवारंभ कार्यक्रम न केवल नामांकन बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण कदम रहा।
