खजनी गोरखपुर ग्राम रकौली में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव के पिता, स्वर्गीय गंगा यादव की पुण्यतिथि पर सपा विधान परिषद नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय गंगा यादव के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ग्राम प्रधान के रूप में अपने क्षेत्र में कई विकास कार्य किए थे।पुण्यतिथि के मौके पर असहायों को निशुल्क वस्त्र वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।इस दौरान लाल बिहारी यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2024 चुनाव में इस फार्मूले से बड़ी जीत हासिल हुई थी, और 2027 में सपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सपा समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटा रही है। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि पीडीए का जनसमर्थन सपा के साथ खड़ा है और यह साजिश नाकाम होगी। उन्होंने बैकवर्ड समाज को नौकरियों में आरक्षण न देने और उनकी नियुक्तियों में भेदभाव करने का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने वर्तमान सरकार के मंत्रियों को लेकर कहा कि वे सिर्फ अपने फायदे के लिए काम करते हैं और जनता का भरोसा खो चुके हैं। संजय निषाद और ओपी राजभर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये नेता अपने समाज के वोटों को बेचकर राजनीति कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सपा के जिला अध्यक्ष ब्रजेश गौतम, जय राम यादव झरकटहा, जिला महासचिव रामनाथ यादव वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद संतोष उर्फ सन्नी यादव संतकबीरनगर के सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष रजनीश यादव और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस मौके पर सपा महिला मोर्चा की नेत्रियां और सैकड़ों ग्रामीण भी मौजूद रहे।

