बांदा, 17 अप्रैल 2026 (वैशाख कृष्ण पंचमी, शुक्रवार / विक्रम संवत 2083):
जनपद बांदा में अवैध धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर सामाजिक और धार्मिक संगठनों का आक्रोश खुलकर सामने आया। शहर के महाराणा प्रताप चौक पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर इस विषय पर कठोर कानून बनाने की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला संयोजक के.पी. प्रजापति एवं जिला सह संयोजक बदलेश सिंह ने किया।
देशभर में सामने आ रही धर्मांतरण की घटनाओं को लेकर वक्ताओं ने गहरी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि अब यह समस्या केवल व्यक्तिगत स्तर तक सीमित नहीं रही, बल्कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों, शिक्षण संस्थानों और संगठित क्षेत्रों तक इसके फैलने की खबरें एक गंभीर और सुनियोजित तंत्र की ओर इशारा करती हैं।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि नासिक स्थित टीसीएस प्रकरण के उजागर होने के बाद पूरा देश स्तब्ध है। जिस प्रकार युवाओं को प्रलोभन, मानसिक दबाव और छल के माध्यम से प्रभावित करने के आरोप सामने आए हैं, वह न केवल चिंताजनक बल्कि अस्वीकार्य भी है। उन्होंने कहा कि यह घटनाएं समाज की जड़ों को कमजोर करने का प्रयास हैं।
वहीं जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद्र त्रिपाठी ने इस मुद्दे को और व्यापक बताते हुए कहा कि यह मामला केवल एक संस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे नेटवर्क के फैलने की आशंका है। उनके अनुसार जब धर्मांतरण दबाव, लालच या षड्यंत्र के माध्यम से होता है, तो यह व्यक्तिगत आस्था का विषय न रहकर सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन जाता है।प्रदर्शन के माध्यम से संगठनों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब समाज मौन नहीं रहेगा, बल्कि संगठित होकर अपनी परंपरा, अस्मिता और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए खड़ा होगा। वक्ताओं ने इसे केवल विरोध नहीं, बल्कि जागरूकता और संकल्प का प्रतीक बताया।
विश्व हिंदू परिषद ने केंद्र और राज्य सरकारों से मांग की कि अवैध धर्मांतरण के विरुद्ध देशभर में कठोर और प्रभावी कानून बनाया जाए तथा ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार के संगठित षड्यंत्र पर रोक लगाई जा सके।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:विभाग बालोपासना प्रमुख अंकित पाण्डेय, विभाग संयोजक अजय, जिला उपाध्यक्ष रेखा भटनागर, जिला समरसता प्रमुख चंद्र प्रकाश, जिला कोषाध्यक्ष रवि मोहन, राकेश चौरसिया, नगर अध्यक्ष विजय बहादुर गुप्ता, नगर सहमंत्री धर्मेंद्र, मनोज द्विवेदी, नगर सह संयोजक अमन त्रिपाठी, हर्ष दासवानी, सूरज सोनी, अंकेश कोष्टा, दीपक साहू, अजय सिंह, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासु, नगर दक्षिणी अध्यक्ष संतोष, सभासद विश्व प्रकाश श्रीवास्तव, राम प्रसाद सोनी, जागरण मंच के राजेश गिरी, दीपक सिंह, शिवलखन सिंह, नगर संयोजक बबेरू अथर्व सिंह, खंड मंत्री मर्का अभय सिंह, पूर्व जिला सह संयोजक शुभम शिवहरे, मनोज सिंह, प्रवेश शुक्ला, आनंद अवस्थी, भूपेंद्र सिंह, वंश अग्रहरि, प्रदीप पटेल, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रेम गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, कान्हा छोटा सिंह, आशीष शुक्ला, प्रांशु पटेल, प्रवीण मिश्रा, शुभम सिंह सहित बड़ी संख्या में विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।यह प्रदर्शन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उस बढ़ते सामाजिक विमर्श का प्रतीक बनकर उभरा है, जिसमें पहचान, आस्था और सुरक्षा जैसे प्रश्न अब केंद्र में आ खड़े हुए हैं।
