आगरा। जाट क्षत्राणी सभा, आगरा द्वारा समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन प्लॉट नं. छ: सरस्वती नगर, अवधपुरी, बोदला, शाहगंज में किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने पहुंचकर अपने दांतों की जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में युवा दंत चिकित्सक डॉ. प्रांजल चाहर की टीम ने मरीजों के दांतों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार संबंधी जानकारी दी। साथ ही दांतों की सफाई, कैविटी, मसूड़ों की समस्याओं और अन्य मौखिक रोगों के प्रति जागरूक किया गया।
डॉ. प्रांजल चाहर, डॉ. लोकेंद्र चौधरी, डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि नियमित रूप से दांतों की सफाई और समय-समय पर जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सभा की अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी ने बताया कि समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है। इसी क्रम में समय-समय पर इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा।
शिविर में पहुंची जाट क्षत्राणी सभा आगरा की संगठन मंत्री शिखा परिहार, तारा नरवार आदि ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आमजन के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो आर्थिक कारणों से उपचार नहीं करा पाते।
कार्यक्रम के अंत में सभा की महामंत्री शैल परिहार ने सभी चिकित्सकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्य करते रहने का संकल्प लिया।
आयोजन को सफल बनाने में जाट क्षत्राणी सभा आगरा की हेमलता ढाका, कोषाध्यक्ष चंद्रावती नरवार, संतोष चाहर, संध्या परिहार आदि का सहयोग रहा
