गोरखपुर महावनखोर रविवार को “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के तहत मानव सेवा संस्थान द्वारा अलेनाबाद क्षेत्र में एक व्यापक जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रचलित बाल विवाह जैसी कुरीति के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा इसके गंभीर दुष्परिणामों के बारे में जानकारी प्रदान करना था।
रैली में महिलाओं और बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर बाल विवाह के विरुद्ध नारे लगाए। स्थानीय नागरिकों ने भी इस सामाजिक पहल की सराहना की और इसे सराहनीय कदम बताया।कार्यक्रम की मुख्य उपस्थिति मयंक त्रिपाठी के रूप में रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो विशेष रूप से बालिकाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देती है। इससे उनकी शिक्षा बाधित होती है और कम उम्र में ही उन्हें शारीरिक एवं मानसिक अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।” उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए आगे आएं।
संस्थान के सक्रिय कार्यकर्ता कन्हैया कुमार यादव ने भी उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक किया। इस अवसर पर पूनम यादव, संदीप कुमार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला व समय माता मंदिर के धर्म गुरु भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और लोगों को बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।यह जन जागरूकता रैली न केवल बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने में सफल रही, बल्कि समाज को एक सकारात्मक दिशा प्रदान करने का भी कार्य किया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में निरंतर जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
