महमूदाबाद, सीतापुर।
विकासखंड महमूदाबाद के अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय सेमरा (संविलियत उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरा) में मीना मंच के गठन हेतु लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
चुनाव में कक्षा 7 से मर्सी, मुस्कान, चाहत, माही, सोनालिका, नाजिया बानो, विकास, रंजीत, विवेक, सौरभ, शिवम सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया, वहीं कक्षा 6 से अल्फिशा, मनतशा, सलीम, रोशनी, अयान, मोहित आदि छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
मतदान के उपरांत घोषित परिणामों में कक्षा 7 की छात्रा मर्सी ने सर्वाधिक 47 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। वहीं अल्फिशा को 16 वोट, विजयलक्ष्मी को 25 वोट तथा गुड़िया को 20 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार मर्सी को मीना मंच का अध्यक्ष चुना गया।
मीना मंच समिति का गठन इस प्रकार हुआ—
* अध्यक्ष: मर्सी
* उपाध्यक्ष: अल्फिशा
* प्रेरक सदस्य: विजयलक्ष्मी
* सक्रिय सदस्य: गुड़िया एवं नगमा
कार्यक्रम में विद्यालय की इंप्र अध्यापिका श्रीमती शशि बाला के नेतृत्व में शिक्षिका किरन वर्मा, रंजना मिश्रा, आरती शुक्ला, नादिरा बानो, ममता, कृपाराम वर्मा, प्रमोद पाठक सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्री आस्था वर्मा, सहायिका ज्ञानवती तथा रसोइया सीमा वर्मा, सुनीता वर्मा, शांति वर्मा, चमेली ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
क्या है मीना मंच?
मीना मंच विद्यालयों में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए चलाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, आत्मविश्वास बढ़ाना तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है।
इस मंच के माध्यम से बाल विवाह निषेध, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, लैंगिक समानता, हेल्पलाइन नंबर, आत्मरक्षा, संचारी रोग, घरेलू हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या और माहवारी स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नियमित चर्चा एवं गतिविधियां कराई जाती हैं।
विद्यालय परिवार ने बताया कि मीना मंच के जरिए छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्म-अभिव्यक्ति और निर्णय लेने की योग्यता विकसित की जाएगी, जिससे वे निडर, जागरूक और आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
