किपा अध्यक्ष ने विद्युत विभाग से विद्युत उपभोक्ताओ को राहत देने की उठाई मांग
समर्थ किसान पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने स्मार्ट मीटर के चलते उपभोक्ताओं की अचानक से ठप्प हो रही विद्युत आपूर्ति को लेकर विद्युत विभाग से मनमानी नहीं करने एवं विद्युत बिल बकाया होने की स्थिति में भी उपभोक्ताओं को राहत देने और विद्युत आपूर्ति चालू रखने की मांग की है।
सोमवार को समर्थ किसान पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य सिराथू ब्लॉक के ग्राम तुलसीपुर, अदमापुर, बेला फत्तेपुर, पितम्बरपुर आदि का भ्रमण किया और विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुना। लोगों का कहना था कि विद्युत विभाग की मनमानी के चलते विद्युत उपभोक्ताओं को इस समय भारी दिक्कत हो रही है। बकाया विद्युत बिल के नाम पर स्मार्ट मीटर के चलते अचानक से विद्युत आपूर्ति ठप्प कर दी जाती है और उपभोक्ता भीषण गर्मी में त्राहि त्राहि करते हैं।
इस अवसर पर पार्टी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने कहा कि विद्युत विभाग आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। कई सालों से विद्युत विभाग से जुड़े और समय पर विद्युत बिल जमा करते आए सामान्य विद्युत उपभोक्ताओं के भी अचानक से विद्युत आपूर्ति ठप्प होने से उपभोक्ता खासे परेशान हो रहे हैं। ऐसे में विद्युत विभाग को लोगों को राहत देनी चाहिए। अजय सोनी के मुताबिक जल्द ही विद्युत विभाग स्मार्ट मीटर के चलते ठप्प हो रही विद्युत आपूर्ति को लेकर समुचित समाधान नहीं किया तो लोग सड़क पर उतरकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को विवश होंगे। इस अवसर पर डॉक्टर मनोज लोधी, श्याम लाल पाल, अरविंद यादव, नरेश रैदास, रोहित सोनी, जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।
