गोरखपुर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे। प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4 बजे के बाद बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में सम्मिलित होंगे।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष रखेंगे। वे बताएंगे कि मिशन शक्ति, कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समेत अन्य योजनाओं से अब तक कितनी महिलाओं को लाभ मिला है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मातृ शक्ति के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। वे लाभार्थी महिलाओं से योजनाओं के जमीनी असर पर फीडबैक लेंगे और सरकार की आगे की प्राथमिकताओं को साझा करेंगे। प्रशासन ने सम्मेलन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में महिला लाभार्थियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। रात्रि विश्राम वे मंदिर परिसर में ही करेंगे। अगले दिन वे गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
