आगरा) के जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने बुधवार को साईं की तकिया स्थित जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फैली अव्यवस्था, ओपीडी में मची अफ़रातफ़री और बेतरतीब इंतज़ामों को देखकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और मौके पर मौजूद CMS व अस्पताल मैनेजर से जवाब तलब किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने देखा कि ओपीडी संचालन में कोई तालमेल नहीं है और मरीज व तीमारदार भारी भीड़ के बीच परेशान हो रहे हैं। बिना एप्रन के घूम रहे डॉक्टरों और वार्ड बॉय को देखकर डीएम ने सख्त लहजे में हिदायत दी। उन्होंने पाया कि मरीजों के बैठने के लिए लगी कुर्सियों पर अन्य लोग सो रहे थे, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों को परेशानी हो रही थी।अस्पताल में साइनेज और सूचना बोर्ड के अभाव पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल मैनेजर को कुप्रबंधन के लिए फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि प्रवेश द्वार पर ही स्पष्ट जानकारी बोर्ड लगाए जाएं, जिससे मरीजों को पता चल सके कि कौन सा डॉक्टर किस कक्ष में बैठता है। साथ ही, सभी तलों पर शुद्ध पेयजल और वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डीएम ने विभिन्न वार्डों (सर्जरी, पीडियाट्रिक, इमरजेंसी) का भ्रमण कर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद किया। उन्होंने पूछा कि दवाएं अंदर से मिल रही हैं या बाहर से खरीदी जा रही हैं। जिलाधिकारी ने सीएमओ और सीएमएस को स्पष्ट निर्देश दिए कि दवाओं और एंटी-रेबीज वैक्सीन की आपूर्ति में कोई कमी नहीं होनी चाहिए और समय रहते डिमांड भेजी जाए।
"आता रहूंगा देखने व्यवस्थाएं"
जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जिला अस्पताल में पूरे जनपद से गरीब मरीज आते हैं, उन्हें कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार अपेक्षित है, मैं बार-बार निरीक्षण के लिए आता रहूँगा।इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ. सुनीता राठौर, अस्पताल मैनेजर मोहित भारती सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।
