जिलाधिकारी से गुहार—कार्ड दिखाने पर मिले तत्काल गैस सिलेंडर
बांदा,जनपद में वैवाहिक सीजन के बीच रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत ने शादी वाले घरों की परेशानी बढ़ा दी है। हालत यह है कि जिन घरों में बेटियों की शादी तय है, वहां सारी तैयारियों के बावजूद गैस सिलेंडर की व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।लोगों का कहना है कि पहले जहां गैस बुकिंग के कुछ ही दिनों में सिलेंडर मिल जाता था, वहीं अब 20 से 25 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में शादी जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।ब्लैक में बिक रहा सिलेंडर
गैस की कमी का फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी कर रहे हैं। आरोप है कि एक सिलेंडर के लिए 2500 से 3000 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। मजबूरी में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अधिक कीमत देकर गैस खरीदने को विवश हैं।सिफारिश और भटकाव के बीच फंसे परिजन शादी वाले घरों के लोग गैस एजेंसियों और परिचितों के चक्कर काट रहे हैं। कोई सिफारिश के सहारे कोशिश कर रहा है तो कोई इधर-उधर से गैस कॉपी जुटाकर व्यवस्था करने में लगा है।डीएम से की गई विशेष व्यवस्था की मांग स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि वैवाहिक कार्यक्रमों को देखते हुए विशेष व्यवस्था लागू की जाए। सुझाव दिया गया है कि जिन घरों में शादी है, वे गैस कनेक्शन की कॉपी के साथ शादी का कार्ड दिखाकर एजेंसी से तत्काल सिलेंडर प्राप्त कर सकें।
लोगों का कहना है कि प्रशासन की यह पहल न सिर्फ जरूरतमंद परिवारों को राहत देगी, बल्कि कालाबाजारी पर भी रोक लगाने में मददगार साबित होगी।

