कमलापुर (सीतापुर)।
जनपद सीतापुर की 152 विधानसभा सिधौली क्षेत्र में आगामी 29 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली विशाल “संविधान स्वाभिमान यात्रा” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार हेतु डॉ आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
शनिवार प्रातः अभियान की शुरुआत ग्राम पंचपीर में स्थित बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। इसके पश्चात जनसंपर्क यात्रा जुडौरा, जसमण्डा, कसमण्डा, कमलापुर, कुर्सीनपुरवा, दाऊदपुर, नसीरापुर, सरौराकला सहित विभिन्न गांवों में पहुंची, जहां लोगों से संपर्क कर उन्हें 29 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया गया।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि संविधान स्वाभिमान यात्रा बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की स्थापना के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में 29 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे मास्टरबाग पहुंचकर इस यात्रा को सफल बनाएं।
उन्होंने आगे बताया कि उसी दिन सायं 6:00 बजे 25000 मोमबत्तियां जलाकर बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती को “प्रकाश महोत्सव” के रूप में मनाया जाएगा। यह आयोजन बहुजन समाज में जन्मे महान महापुरुषों के सम्मान को समर्पित होगा।
जनसंपर्क के दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर सहित तथागत गौतम बुद्ध, ललई सिंह यादव, मुलायम सिंह यादव, शेख फातिमा, अब्दुल हमीद, एपीजे अब्दुल कलाम, मान्यवर कांशीराम, उदा देवी पासी, चक्रवर्ती सम्राट अशोक, संत गाडगे आदि महापुरुषों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने राजेश कुमार सिद्धार्थ को समर्थन देते हुए कहा कि वे उनके संघर्ष में पूरी तरह साथ हैं और बाबा साहब का अधूरा मिशन पूरा करने के लिए संगठित होकर कार्य करेंगे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में जनउत्साह का माहौल रहा और लोगों ने “जय भीम, जय भारत, जय संविधान” तथा “वोट हमारी, राज तुम्हारा नहीं चलेगा” जैसे नारों के साथ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर वंशराज भारती, मोहम्मद अनवर बख्श, गजोधर प्रसाद, डॉ श्री कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अंत में राजेश कुमार सिद्धार्थ ने क्षेत्र की समस्त जनता से अपील की कि वे 29 अप्रैल को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संविधान स्वाभिमान यात्रा एवं प्रकाश महोत्सव को सफल बनाएं।

