गोरखपुर गोरखपुर क्लब के संचालक अतुल श्रीवास्तव के 40 वर्षीय बेटे अम्बरीश श्रीवास्तव की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना कुस्मी स्थित फार्महाउस की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अम्बरीश श्रीवास्तव सुबह करीब 10 बजे फॉर्च्यूनर से कुस्मी फार्महाउस पहुंचे। मोबाइल पर किसी से बात करते हुए वह ऊपरी मंजिल पर गए। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर फार्महाउस के कर्मचारी दौड़कर पहुंचे तो अम्बरीश खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। उनके हाथ में पिस्टल थी और गोली चेहरे पर लगी थी। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटिल मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों से पूछताछ की गई और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया, मृतक के भाई की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में अम्बरीश श्रीवास्तव अकेले ही फार्महाउस आते दिख रहे हैं। प्रथम दृष्टया पिस्टल साफ करते समय गोली चलने से मौत होने की संभावना है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मिले सबूतों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
