बाँदा, 08 मई 2026 — जनपद में पंचायत राज विभाग की योजनाओं को लेकर जिलाधिकारी अमित आसेरी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा में सभी कमियों को दूर करना होगा।बैठक में जिलाधिकारी ने आरआरसी सेंटरों की खराब व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए सात दिनों के भीतर सभी आवश्यक सुधार कर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एप्रोच रोड, ई-रिक्शा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने को कहा। एफएसटीपी निर्माण के लिए एक एकड़ भूमि चिन्हित कर शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट को लेकर भी प्रशासन गंभीर दिखाई दिया। हरदौली में निर्माणाधीन यूनिट में बीडिंग और सीडिंग कार्य जल्द पूरा कर संचालन शुरू कराने को कहा गया। मॉडल गांवों में शौचालयों के सत्यापन, तालाबों की सफाई और अन्य विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। कार्य में कमी पाए जाने पर एडीओ पंचायत महुआ से स्पष्टीकरण तलब किया गया।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक शौचालयों की स्थिति सुधारने पर विशेष जोर देते हुए एक सप्ताह के भीतर उन्हें स्वच्छ एवं पूर्ण रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही वहां कार्यरत कर्मियों का भुगतान ग्राम पंचायतों से शीघ्र कराने को कहा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक उत्सव भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के भी निर्देश दिए गए।गोवर्धन योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने गोबर गैस आधारित आटा चक्की को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में वैकल्पिक ऊर्जा के प्रयोग को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा गांवों में जलभराव रोकने के लिए नालों और नालियों की सफाई व निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश खंड विकास अधिकारियों को दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, पीडी डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
