जहानाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो लग्जरी कारें और नकदी भी जब्त
पीलीभीत। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) नताशा गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 20 हजार अल्प्राजोलम गोलियां, दो कारें, 54 हजार 550 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और आठ एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर एक सफेद आई-20 और ग्रे स्विफ्ट डिजायर कार में बैठे आरोपी हिसाब-किताब कर रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने घेरकर तीनों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रतिबंधित दवाइयों की खेप फुरकान को 50 हजार रुपये में बेची गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में लखीमपुर खीरी निवासी लखविंदर सिंह, ओमकार मिश्रा और थाना अमरिया क्षेत्र के गांव करघैना निवासी फुरकान शामिल हैं। फुरकान गांव में मेडिकल स्टोर संचालित करने के साथ पोल्ट्री फार्म और मुर्गा आढ़त का कारोबार भी करता है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से नशीली दवाओं की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
ASP नताशा गोयल ने बताया कि गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में नशे की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार विश्नोई, उपनिरीक्षक अमर कुमार, ज्ञानचंद्र तथा हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, अनुराग चौधरी, रतन लाल और रोहित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
