गोरखपुर। पूरी दुनिया में आज मदर्स डे धूमधाम से मनाया जा रहा है। कोई अपनी मां के साथ वक्त बिताकर इस दिन को खास बना रहा है तो कोई उन्हें तोहफे देकर अपनी मोहब्बत का इज़हार कर रहा है। लेकिन गोरखपुर में मदर्स डे के मौके पर इंसानियत और मोहब्बत की ऐसी तस्वीर देखने को मिली जिसने हर किसी का दिल छू लिया।
गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित नौका विहार के फ्लोटिंग रेस्टोरेंट पर आज एक बेहद मार्मिक और यादगार नज़ारा देखने को मिला। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के मालिक आलोक अग्रवाल ने समाज के आखिरी पायदान पर खड़े गरीब और जरूरतमंद परिवारों के करीब 70 मासूम बच्चों को रेस्टोरेंट में आमंत्रित कर उन्हें भोजन कराया।
ये वे बच्चे थे जिनके लिए किसी हाई-फाई रेस्टोरेंट में बैठकर खाना खाना किसी ख्वाब से कम नहीं था। मगर मदर्स डे के इस खास मौके पर आलोक अग्रवाल ने इन बच्चों के उस छोटे से सपने को हकीकत में बदल दिया। बच्चों ने फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया और Ramगढ़ताल के खूबसूरत नजारों का भी भरपूर लुत्फ उठाया।
मासूम बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। बच्चों ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उन्हें ऐसे शानदार रेस्टोरेंट में आने और खाना खाने का मौका मिलेगा। बच्चों की आंखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान देखकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक नजर आया।
वहीं आलोक अग्रवाल ने कहा कि समाज सेवा और जरूरतमंदों की मदद करना उन्हें सुकून देता है। उन्होंने कहा कि उनकी हमेशा कोशिश रहती है कि समाज के दबे-कुचले और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को भी जिंदगी की कुछ ऐसी खुशियां दी जाएं जिन्हें वे शायद सामान्य परिस्थितियों में महसूस नहीं कर पाते।
उन्होंने कहा,
“इन मासूम बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखकर जो सुकून मिलता है, वही हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है। अगर कुछ पलों के लिए भी इन बच्चों को खुशी मिलती है तो हमारा प्रयास सफल हो जाता है।”
इस दौरान फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के दर्जनों कर्मचारी भी पूरे मन से बच्चों की सेवा करते नजर आए। कुछ स्वयंसेवी संगठनों के लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और बच्चों को अपने हाथों से खाना खिलाकर इस पल को और खास बना दिया।
मदर्स डे के मौके पर आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ एक भोजन नहीं बल्कि इंसानियत, मोहब्बत और सामाजिक जिम्मेदारी की खूबसूरत मिसाल बन गया। रामगढ़ताल की लहरों के बीच मासूम बच्चों की खिलखिलाहट ने इस मदर्स डे को सचमुच यादगार बना दिया।
Byte आलोक अग्रवाल
मलिक, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट

