गर्मी से चक्कर आने पर पोखरी में गिरीं, मौके पर तोड़ा दम
सहजनवा गोरखपुर थाना गीडा क्षेत्र की ग्राम सभा खरैला में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की वरिष्ठ नागरिक कलावती देवी की मनरेगा में काम के दौरान मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय कलावती देवी मनरेगा योजना के तहत गांव में कार्य कर रही थीं। तेज गर्मी के कारण अचानक उन्हें चक्कर आ गया और वे पास की पोखरी में गिर पड़ीं। आसपास काम कर रहे मजदूरों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग महिला की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि कलावती देवी परिवार की आर्थिक मदद के लिए मनरेगा में मजदूरी करती थीं।
सूचना पर पहुंची गीडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक महिला के परिवार को मनरेगा योजना के तहत मिलने वाली अनुग्रह राशि और अन्य सरकारी सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही गर्मी के मौसम में बुजुर्ग श्रमिकों के लिए काम के समय में छूट और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

