हरपुर बुदहट गोरखपुर भक्ति और सेवा का संगम देखना हो तो शनिवार को हरपुर बुदहट की पावन धरती पर आ जाइए। ग्राम पंचायत बुदहट में राष्ट्रीय संत असंगदेव महाराज के सानिध्य में आयोजित अमृत कथा सत्संग में हजारों श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक रस का पान किया। पूज्य गुरुदेव ने अपने मुखारविंद से अमृतवाणी प्रवाहित कर उपस्थित जनसमूह को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। हरपुर बुदहट की धरती पर गूंजते भजन-कीर्तन और कथा के स्वर ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। इस पुण्य आयोजन के सूत्रधार भूतपूर्व सैनिक रमेश प्रसाद यादव रहे। उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुदेव की कृपा से मेरा जीवन सार्थक हुआ है। इसी भाव से मैंने यह कथा आयोजित कराई है, ताकि अन्य लोगों का जीवन भी प्रकाशमान हो सके। चिलचिलाती धूप के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। आयोजक के मित्र एवं वरिष्ठ पत्रकार सुनील गुप्ता तथा बालाजी राइस मिल, मझौरा के संचालक अजीत गुप्ता के सहयोग से शरबत और लस्सी की व्यवस्था की गई। शीतल पेय पाकर भक्तों ने आयोजकों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष अभिमन्यु पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कथा श्रवण कर वे भावविभोर हो गए और सेवा-भाव की इस व्यवस्था को अनुकरणीय बताया।
सत्संग के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सौहार्द और संस्कार दोनों को मजबूत करते हैं।
