सोनवीर सिंह बघेल
सांसद सुमन का सरकार पर सीधा हमला: बुनियादी मुद्दों से डरी भाजपा अब पुलिस के पीछे छिपकर कर रही है राजनीति
आगरा: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने आगरा कलेक्ट्रेट पर पुलिस प्रशासन के भारी पहरे और मुस्तैदी को देखकर सूबे की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। जनता की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन करने पहुंचे सांसद सुमन ने कलेक्ट्रेट की भारी प्रशासनिक घेराबंदी को आड़े हाथों लेते हुए सीधे सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल उठाए।कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर मीडिया और उमड़े कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि, "जब से भाजपा सत्ता में आई है, देश और प्रदेश की आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है।" आज समाज का हर वर्ग गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों से बुरी तरह त्रस्त है। जनता बेहाल है और जब विपक्ष या आम लोग इस तानाशाही व महंगाई के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो सरकार उन्हें राहत देने के बजाय जेल या नजरबंदी का तोहफा थमा देती है।सांसद सुमन ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता के बुनियादी और असली मुद्दों का सामना करने से इस कदर डरी हुई है कि अब वह पुलिस प्रशासन के पीछे छिपकर राजनीति करने पर मजबूर हो गई है। उन्होंने भारी पुलिस बल की तैनाती पर आक्रोश जताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से जनता की तकलीफों और जनहित के मुद्दों को कलेक्ट्रेट के माध्यम से सरकार तक पहुंचाना विपक्ष का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। लेकिन इस दमनकारी सरकार ने आज ताजनगरी आगरा को एक छावनी में तब्दील कर दिया है, ताकि सच की आवाज को दबाया जा सके।
वरिष्ठ सपा नेता ने साफ लहजे में चेतावनी दी कि पुलिस की लाठियों और संगीनों के दम पर समाजवादियों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। सरकार चाहे जितने भी अवरोध खड़े कर ले, जनता के हक की यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। इस दौरान सपाइयों ने सरकार विरोधी गगनभेदी नारे लगाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।इस विशाल प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी आगरा के जिला उपाध्यक्ष राजपाल यादव बाबा, वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव (गुल्लू), सपा छात्रसभा आगरा के जिला उपाध्यक्ष माधव यादव, जिला उपाध्यक्ष छोटू यादव प्रधान, विकास यादव, रामनरेश यादव, गोपाल यादव, अखिल यादव, पंकज कसाना, राहुल घोष, मयंक सहित भारी संख्या में पदाधिकारी और सैकड़ों निष्ठावान समाजवादी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मौजूद रहे।

