गोरखपुर लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर UPSRTC ने अभ्यर्थियों के हित में अहम फैसला लेते हुए बस किराए में 50 प्रतिशत छूट की घोषणा की है।UPSRTC के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह द्वारा 7 जून 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेशभर में आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यह सुविधा मिलेगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वैध प्रवेश पत्र प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों को UPSRTC की सभी साधारण और अनुबंधित बस सेवाओं में प्रचलित किराए पर 50% रियायत दी जाएगी। यानी अब परीक्षा केंद्र तक पहुंचने का खर्च आधा हो जाएगा।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए UPSRTC ने अतिरिक्त इंतजाम भी किए हैं। सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और महत्वपूर्ण मार्गों पर स्थानीय जरूरत के अनुसार विशेष बस सेवाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बस अड्डों और डिपो पर अभ्यर्थियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।सरकार का यह कदम न सिर्फ अभ्यर्थियों के आर्थिक बोझ को कम करेगा, बल्कि उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी मदद करेगा। हजारों किलोमीटर दूर से आने वाले उम्मीदवारों के लिए यह राहत किसी संजीवनी से कम नहीं है।

