कौशाम्बी जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज विद्युत वर्कशॉप,मंझनपुर एवं विद्युत उपकेंद्र,मंझनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता,विद्युत वर्कशॉप सुधांशु सक्सेना से खराब ट्रांसफार्मरों की संख्या, उनकी मरम्मत की प्रगति तथा प्रतिदिन किए जाने वाले मरम्मत कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने 27 खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कार्य लंबित पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सहायक अभियंता से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में तेजी लाते हुए कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सामग्री रजिस्टर का अवलोकन किया तथा आवश्यक उपकरणों एवं सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्युत उपकेंद्र,मंझनपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए अवरअभियंता,विद्युत को शासन द्वारा निर्धारित समयावधि तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायत पंजिका का अवलोकन किया एवं अवर अभियंता को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण किया जाए।उन्होंने विद्युत व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजेश कुमार पत्रकार अब तक न्याय कौशांबी
