गोरखपुर बसपा के पूर्व सांसद प्रत्याशी जावेद सिमनानी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जिला अस्पताल, गोरखपुर की आपातकालीन सुविधाओं की दयनीय स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। 8 जून 2026 को भेजे गए पत्र में उन्होंने मरीजों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया है। पत्र में जावेद सिमनानी ने लिखा कि जिला अस्पताल में शाम 4 बजे के बाद किसी भी प्रकार की जांच सुविधा उपलब्ध नहीं रहती। जांच न होने की वजह से डॉक्टर मरीजों का उचित इलाज नहीं कर पा रहे हैं। नतीजतन गंभीर और सामान्य दोनों तरह के मरीजों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सामान्य मरीजों को भी बीआरडी रेफर करने से वहां मरीजों की संख्या अनावश्यक बढ़ गई है। इससे बीआरडी में अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो रही है और मरीजों व उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जावेद सिमनानी ने सीएम से विनम्र अनुरोध किया है कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जिला अस्पताल में 24 घंटे सभी जांच व आपातकालीन सुविधाएं बहाल करने के लिए विशेष निर्देश जारी किए जाएं, ताकि गोरखपुर के मरीजों को समय पर इलाज मिल सके और बीआरडी पर अनावश्यक दबाव न पड़े। पत्र में उन्होंने अस्पताल की इस स्थिति को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से चिंता का विषय बताया है।
