सहजनवा, गोरखपुर।
ज्येष्ठ मास के छठे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर सहजनवा कस्बे के मेन मार्केट में भक्ति और सेवा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहाँ एनटीसी परिवार की ओर से एक भव्य और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ हुई, जिसके बाद राहगीरों और स्थानीय श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
भीषण गर्मी के बावजूद भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। एनटीसी परिवार के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा और सेवा भाव के साथ आने-जाने वाले हर व्यक्ति को आदरपूर्वक रोककर पूड़ी-सब्जी, बूंदी और ठंडे पानी का प्रसाद ग्रहण कराया।
इस धार्मिक आयोजन से पूरा मेन मार्केट क्षेत्र जय बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान रहा। स्थानीय व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों ने एनटीसी परिवार के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, समरसता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। देर शाम तक चले इस भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।
