सहजनवां गोरखपुर थाना सहजनवां में इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए ग्राम सेहुडा के ग्रामीणों ने घायल सारस पक्षी को नया जीवन दे दिया। सहजनवां रेंज क्षेत्र के नगर पंचायत घघसरा अंतर्गत ग्राम-सेहुडा के पास स्थित सेहुडी ताल के किनारे ग्रामीणों ने शुक्रवार को एक सारस को घायल हालत में देखा। अनुमान है कि किसी कुत्ते या जंगली जानवर के हमले से पक्षी जख्मी हो गया था। उड़ने में असमर्थ सारस को देखकर ग्रामीणों ने बिना देर किए उसे अपने कब्जे में लिया।
ग्रामीणों ने घायल पक्षी को सावधानीपूर्वक उठाकर शाहपुर स्थित भुलेश्वर नाथ मंदिर परिसर में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्राथमिक देखभाल के बाद तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है। वनकर्मियों के पहुंचने पर पक्षी को उपचार के लिए भेजे जाने की उम्मीद है।
सारस को उत्तर प्रदेश का राजकीय पक्षी का दर्जा प्राप्त है। यह अपनी जोड़ी के प्रति निष्ठा के लिए भी जाना जाता है। कृषि रसायनों और आवास की कमी के चलते यह प्रजाति लगातार घट रही है। इसी कारण वन विभाग समय-समय पर इनकी गणना भी कराता है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने अपील की है कि दुर्लभ और संकटग्रस्त इस पक्षी के संरक्षण के लिए वन विभाग को और अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए। ताल-तलैयों के आसपास गश्त बढ़ाने और स्थानीय लोगों को जागरूक करने से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
ग्रामीणों की इस संवेदनशीलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रकृति के प्रति लगाव आज भी जिंदा है।
