शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और मरीजों को आपातकालीन समय में जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए आज यातायात पुलिस और नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते ने संयुक्त रूप से एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक (SP) शाहजहाँपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशानुसार और अपर पुलिस अधीक्षक नगर (ASP City) के निकट पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई से अवैध अतिक्रमणकारियों और बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों में हड़कंप मच गया।
निशा टॉकीज से लाल इमली चौराहे तक चला हंटर
यह संयुक्त अभियान थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत होम्योपैथी से निशा टॉकीज होते हुए लाल इमली चौराहा तक चलाया गया। इस रूट पर स्थित स्थानीय अस्पतालों और दुकानों के सामने मुख्य सड़क तक किए गए अवैध अतिक्रमण को टीम ने मौके पर ही हटवाया। दुकानदारों द्वारा सड़क पर फैलाकर रखे गए सामान और अवैध ठेलों को पूरी तरह से हटाकर रास्ता साफ कराया गया।
अवैध पार्किंग करने वालों के कटे चालान
अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन और सड़कों पर आड़े-तिरछे ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया। यातायात पुलिस ने मौके पर ही ऐसे दर्जनों वाहनों के चालान काटे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्पतालों के सामने का मार्ग पूरी तरह अवरोधमुक्त रहे, ताकि एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को निकलने में कोई असुविधा न हो।
यातायात पुलिस की कड़ी चेतावनी:
"भविष्य में यदि किसी भी दुकानदार या वाहन स्वामी द्वारा पुनः अतिक्रमण किया गया, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी (विधिक) कार्रवाई की जाएगी और संबंधित वाहन को तत्काल जब्त कर लिया जाएगा।"
अस्पताल संवेदनशील क्षेत्र, सहयोग करें जनता: यातायात प्रभारी
प्रभारी निरीक्षक यातायात ने आम जनता और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अस्पताल बेहद संवेदनशील क्षेत्र होते हैं, जहाँ मरीजों के लिए एक-एक मिनट कीमती होता है। उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे अपना सामान दुकान के दायरे के भीतर ही रखें और वाहन चालक अपनी गाड़ियाँ केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ी करें।
यातायात विभाग के अनुसार, शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और आम जनता की सुविधा के लिए यह संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

